ओम त्रिपाठी बने संघ के संभागीय अध्यक्ष, नंदकुमार बंजारे वरिष्ठ उपाध्यक्ष
बिलासपुर, 13 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की बिलासपुर संभागीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने संघ की नियमावली और बिलासपुर संभाग के सभी जिला अध्यक्षों से विचार-विमर्श के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें प्रशिक्षण अधिकारी ओम त्रिपाठी को संभागीय अध्यक्ष और नंदकुमार बंजारे को वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कुल 24 पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
बिलासपुर जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि नई कार्यकारिणी में एक संभागीय अध्यक्ष, एक वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष, आठ संभागीय उपाध्यक्ष, एक संभागीय सचिव, एक संभागीय कोषाध्यक्ष, छह संभागीय प्रवक्ता और छह संभागीय संयुक्त सचिव के पद शामिल हैं।

नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता सहित अन्य कर्मचारी हितों के मुद्दों को लेकर संघ लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बिलासपुर संभाग के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए संभाग के सभी जिलों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका सतत संघर्ष जारी रहेगा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
संभागीय अध्यक्ष की नियुक्ति की घोषणा के बाद संघ के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों ने ओम त्रिपाठी का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदेश समन्वयक जीआर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमाचल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा, सचिव दुर्गेश साहू, जिला संरक्षक रामकुमार यादव, पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कस्तूरे, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश शर्मा, एल. महेश्वर राव, चंद्र कुमार यादव, राजीव देवांगन, प्रवीण यादव, विजय आजाद, अनुराग कुमार तिवारी, संजय राज सहित संघ के कर्मचारी साथी उपस्थित रहे।

