
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 102 किलो बर्फी सीज
मिठाई दुकानों में जांच के दौरान पवन ट्रेडर्स और गुरु कृपा ट्रेडर्स से लिए गए सैंपल
बिलासपुर। रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘बने खाबो, बने रहिबों’ अभियान के तहत बिलासपुर में मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने व्यापार विहार और शनिचरी बाजार क्षेत्र में पहुंचकर खाद्य सामग्री की जांच की।
पवन ट्रेडर्स में 102 किलो बर्फी सीज
जांच के दौरान व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में बर्फी के लेबल की जांच की गई। विभाग के मुताबिक लेबल पर निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक जानकारी नहीं मिली। इसके बाद टीम ने 23 कार्टून में रखी करीब 102 किलो बर्फी को सीज कर दिया। साथ ही बर्फी का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुरु कृपा ट्रेडर्स से मिठाई का सैंपल
अभियान के तहत शनिचरी बाजार स्थित गुरु कृपा ट्रेडर्स की भी जांच की गई। यहां से मद्रास की मशहूर स्पेशल खस्ता मिठाई का सैंपल लिया गया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के अनुसार मिठाई के लेबल में भी निर्धारित जानकारी नहीं पाई गई। इसे मिथ्याछाप का प्रकरण मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई है।
नकली पनीर पर भी विभाग की नजर
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के डीओ आरआर देवांगन ने बताया कि राज्य शासन के निर्देश पर नकली पनीर के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सात दिवसीय ‘बने खाबो, बने रहिबों’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। रक्षाबंधन तक अभियान लगातार जारी रहेगा। अमानक, मिलावटी अथवा गलत लेबल वाली खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
