400 से अधिक हाथों ने संभाली अरपा की सफाई की कमान, स्वच्छता का दिया संदेश
बिलासपुर। गांधी जयंती के अवसर पर लोक उदय फाउंडेशन की ओर से ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’ चलाया गया। अरपा नदी और उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में 400 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। बच्चों और युवाओं की बड़ी भागीदारी के बीच रिवर व्यू पॉइंट (हैप्पी स्ट्रीट) सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान का नेतृत्व लोक उदय फाउंडेशन के निदेशक विशाल आनंद झा ने किया। अभियान में नगर निगम, जीवन संस्कार सेवा समिति, त्रिवेणु-द हेल्पिंग हैंकीज और आईटीएसए अस्पताल का सहयोग रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, समाजसेवी प्रवीण झा, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और महापौर पूजा विधानी भी मौजूद रहे।
‘सफाई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, निरंतर जिम्मेदारी’
समाजसेवी प्रवीण झा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर जिम्मेदारी है। जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखते हैं, उसी भावना के साथ शहर और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी सार्थक होगी, जब लोग स्वयं जिम्मेदारी लेकर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बच्चों से कहा कि सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति को कूड़ा फेंकते देखने पर उसे डांटने के बजाय प्रेम और सम्मान से स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि कोई कूड़ा फेंके तो उससे प्यार से कहें कि कचरा कूड़ेदान में डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी छोटी पहल लोगों के व्यवहार में बड़ा बदलाव ला सकती है।
लोक उदय फाउंडेशन ने गांधीजी के स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ और सुंदर बिलासपुर के निर्माण का संकल्प दोहराया। संस्था ने नागरिकों से अरपा नदी और शहर के सार्वजनिक स्थानों को अपना समझकर स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।

