
बारह सूत्रीय मांगों को लेकर पेंशनरों ने किया 24 घंटे प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के आह्वान पर पेंशनरों ने मंगलवार को कोन्हेर गार्डन में 24 घंटे का प्रदर्शन किया। 29-30 सितंबर को आयोजित प्रदर्शन के दौरान पेंशनरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए 12 सूत्रीय ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम सौंपा।
पेंशनरों ने बताया कि ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर देशभर में राज्य सरकारों के पेंशनभोगी 24 घंटे के प्रथम चरण के आंदोलन में शामिल हुए हैं। पेंशनरों का कहना है कि उनके अधिकारों में लगातार कटौती की जा रही है और पेंशन नियमों में किए जा रहे बदलावों से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
पेंशनरों की प्रमुख मांगों में 8वें वेतनमान में 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन, वेतनमान की सिफारिश में देरी होने पर अंतरिम राहत, नियमित कर्मचारियों की तरह पेंशनरों को भी मूल वेतन में 50 प्रतिशत हिस्सा शामिल करने, कम्यूटेशन की अवधि 10 वर्ष से घटाकर 8 वर्ष करने, पेंशन में समानता सुनिश्चित करने तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा कोरोना काल में रोके गए 27 माह के एरियर्स का भुगतान, पेंशनरों को रेल और हवाई यात्रा में पूर्ववत छूट, चिकित्सा सुविधाओं में कैशलेस व्यवस्था, परिवर्तित पेंशन की आयु सीमा में कमी तथा पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पेंशनर आयोग के गठन की मांग की गई।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष जानकी प्रसाद शुक्ला, आर. पी. शर्मा, एस. एल. शर्मा, डी. के. दीवान, जी. आर. सोनी, आर. आर. यादव, शीतल पाटनवार, रामलाल सूर्यवंशी, गोकरण शर्मा, सी. के. कवाईत्त, चंद्रशेखर पाण्डेय, सुनील यादव, सी. पी. मिश्रा, एस. डी. शर्मा, सुंदर सिंह, महेश, देवी प्रसाद, देवेंद्र, सरस्वती बंसोड़, बी. एल. कश्यप, अविनाश, आई. सी. अनंत, अशोक, चंद्र प्रकाश, मुन्नूलाल, भुवनेश्वर, ज्ञान सिंह, दिलहरण, पुष्पा मिश्रा, सुशील, राजेश, रविशंकर, प्रवेश, जगदीश, रिखीराम, पी. के. शर्मा, विजय, सुधीर, यू. कायरवार, करमू सिंह, डी. आर. लांजेवार, अनिरुद्ध, बी. एल. साहू, प्रवीन गुरुवार, बी. पी. श्रीवास्तव, आर. एन. राजपूत सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री शिव शर्मा ने किया।
