
जगजीत सिंह की स्मृति में 10 अक्टूबर को होगी चैरिटी गजल संध्या
बिलासपुर। गजल सम्राट एवं पद्मभूषण स्व. जगजीत सिंह की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए सहयोग जुटाने के उद्देश्य से चैरिटी गजल संध्या का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम 10 अक्टूबर को शाम 7 से रात 9 बजे तक पूल साइड गार्डन, चावला ग्रीन, मोपका में होगा। इसमें भिलाई के प्रसिद्ध गजल गायक पनराज भाटिया अपनी गजलों की प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य सक्ती स्थित ब्लाइंड स्पेशल स्कूल के भवन निर्माण में सहयोग जुटाना है। इसके माध्यम से दृष्टिबाधित बच्चों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य के लिए समाज से सहयोग की अपील की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन जगजीत सिंह फैंस द्वारा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर इस सामाजिक पहल को सहयोग देने की अपील की है।
