
जन्मदिन पर सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं करेंगे रूपसिंग साहू, 8 अक्टूबर को होगा रक्तदान शिविर
पुलस्त शर्मा/मैनपुर
मैनपुर। सामाजिक कार्यकर्ता रूपसिंग साहू इस बार 12 अक्टूबर को अपना जन्मदिन सार्वजनिक रूप से नहीं मनाएंगे। शारदीय नवरात्र की शुरुआत 11 अक्टूबर से होने के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया है। उनका कहना है कि नवरात्र के दौरान लोग मां दुर्गा की आराधना और व्रत-उपवास में लीन रहते हैं। ऐसे में जन्मदिन का सार्वजनिक आयोजन कर वे लोगों की धार्मिक आस्था में किसी तरह का व्यवधान नहीं डालना चाहते।
रूपसिंग साहू के जन्मदिन के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला रक्तदान शिविर इस बार भी होगा, लेकिन इसे 12 अक्टूबर के बजाय 8 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। उनके समर्थकों और युवा मित्र मंडल की ओर से 8 अक्टूबर को फिंगेश्वर के मड़वाड़ीह स्थित मांडव ऋषि आश्रम परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा। इसका आयोजन युवा मित्र मंडल जिला गरियाबंद के प्रयासों से तथा मॉडर्न ब्लड बैंक, डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल रायपुर के सान्निध्य में किया जाएगा।
रूपसिंग साहू ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाने से कई बार उनके जीवन पर संकट की स्थिति बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा के साथ ईश सेवा का भी माध्यम है। नवरात्र के दौरान कई लोग उपवास और व्रत रखते हैं, ऐसे में 12 अक्टूबर को रक्तदान शिविर आयोजित करने से व्रतधारी रक्तदाताओं को शारीरिक परेशानी हो सकती है। इसी वजह से शिविर नवरात्र शुरू होने से पहले 8 अक्टूबर को रखा गया है।
आयोजकों के अनुसार अब तक विभिन्न आयु वर्ग के करीब 70 लोग रक्तदान के लिए पंजीयन करा चुके हैं। शिविर की तारीख तक पंजीयन की संख्या बढ़ने की संभावना है। रूपसिंग साहू ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर मानव कल्याण और जीवन रक्षा में योगदान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिल सकता है और इससे बड़ी मानव सेवा कोई नहीं है।
