बिलासपुर में नवंबर से दौड़ेंगी 20 ई-बसें, शहरवासियों को मिलेगी आधुनिक परिवहन सुविधा
प्रदेश के चार शहरों में चलेंगी 240 इलेक्ट्रिक बसें, उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में हुआ समझौता
बिलासपुर। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिलासपुर में नवंबर 2026 से 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। योजना के अंतर्गत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा में कुल 240 ई-बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में चारों नगर निगमों और चयनित एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के बीच कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।
योजना के पहले चरण में रायपुर में 100, बिलासपुर में 50, दुर्ग-भिलाई में 50 और कोरबा में 40 बसें संचालित करने की योजना है। नवंबर में बिलासपुर और भिलाई में शुरुआती तौर पर 20-20 बसें चलाने की तैयारी की जा रही है।
प्रदूषण कम करने पर जोर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटाने और वायु एवं ध्वनि प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच नागरिकों को सुविधाजनक और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना जरूरी है। ई-बस सेवा से अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक आवागमन आसान बनाने में मदद मिलेगी।
बसों में कैमरे और मोबाइल एप की सुविधा
योजना के तहत यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में छह कैमरे लगाने का प्रावधान है। मोबाइल एप के माध्यम से बसों के रूट की जानकारी भी उपलब्ध होगी। बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन, डिपो और रखरखाव केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ रोजगार के अवसर पैदा होने की भी उम्मीद है।
समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि ई-बस सेवा के सफल संचालन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं का विकास और विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में चार्जिंग स्टेशन, बस डिपो, बस स्टॉप और रखरखाव केंद्र तैयार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी सहित रायपुर, कोरबा, दुर्ग और बीरगांव के महापौर तथा संबंधित नगर निगमों के आयुक्त और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान योजना के अंतर्गत संचालित होने वाली बसों के रंग और कट-आउट का भी विमोचन किया गया।

