नवरात्रि में बिलासपुर की सड़कों पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, शाम 5 से रात 12 बजे तक डायवर्जन की तैयारी
तेलीपारा दुर्गा पंडाल जाने वालों के लिए अलग-अलग पार्किंग तय, सिम्स जाने वाले रास्ते को बाधामुक्त रखने की अपील
बिलासपुर, 11 अक्टूबर। नवरात्रि, गरबा-डांडिया और दशहरा उत्सव के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। दुर्गा पंडालों और प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और नो-एंट्री लागू की जा सकती है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने और एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की अपील की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने प्रमुख दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया स्थलों और रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात व्यवस्था बनाई है। आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
तेलीपारा में चार दिशाओं से आने वालों के लिए पार्किंग तय
शहर के व्यस्ततम बाजार क्षेत्र तेलीपारा में मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
सरकंडा की ओर से आने वाले श्रद्धालु महामाया चौक, हुंडई चौक और रामसेतु के बीच स्थित न्यू रिवर व्यू पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे। शनिचरी बाजार की ओर से आने वालों के लिए हैप्पी स्ट्रीट, कोतवाली क्षेत्र से आने वालों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग और लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर का मैदान निर्धारित किया गया है। वहीं नेहरू चौक और बृहस्पति बाजार की ओर से आने वाले वाहन चालक वाजपेयी मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे।
यातायात का दबाव बढ़ने पर संबंधित क्षेत्र में चारपहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जा सकता है। नेहरू चौक, इंदिरा सेतु, सीपत चौक, गांधी चौक, कोतवाली चौक, बस स्टैंड चौक, ईदगाह चौक, देवकीनंदन चौक और रामसेतु चौक सहित अन्य प्रमुख चौराहों से जरूरत के अनुसार मार्ग बदले जा सकते हैं।
सिम्स जाने वाले रास्ते पर विशेष ध्यान
तेलीपारा क्षेत्र में सिम्स अस्पताल स्थित होने के कारण यातायात पुलिस ने अस्पताल तक पहुंचने वाले मार्ग को बाधामुक्त रखने की अपील की है। अस्पताल के आसपास अनधिकृत पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। उपचार के लिए सिम्स जाने वाले वाहन चालक नेहरू चौक, देवकीनंदन चौक और रामसेतु चौक होते हुए सिम्स तिराहा पहुंच सकते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अस्पताल जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए रास्ता दें, ताकि आपातकालीन स्थिति में उपचार में देरी न हो।
शहर के कई इलाकों में गरबा-डांडिया, पार्किंग में ही खड़े करें वाहन
नवरात्रि के दौरान महाराणा चौक रिंग रोड नंबर-2, बोदरी, उसलापुर स्टेशन के पास रॉयल पार्क, अशोक नगर और कपिल नगर सरकंडा, चौकसे कॉलेज मैदान, चाटीडीह, चकरभाठा, इमलीपारा रोड, व्यापार विहार, तिलक नगर और लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर सहित कई स्थानों पर गरबा-डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों के लिए आयोजन समितियों ने पार्किंग की व्यवस्था की है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से पार्किंग संबंधी संकेतक और बोर्ड देखकर निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने को कहा है। सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग से जाम की स्थिति बन सकती है।
रतनपुर में महामाया और भैरव बाबा दर्शन के लिए अलग व्यवस्था
रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के समीप तालाब किनारे वीआईपी पार्किंग और हेलीपैड परिसर के पास आम लोगों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है। भैरव बाबा मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग मंदिर से करीब 100 मीटर पहले करने की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर आगे पैदल जाने की अपील की है। दर्शन के बाद वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।
आपातकालीन सेवाओं को रास्ता देना जरूरी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ और यातायात दबाव के अनुसार व्यवस्थाओं में बदलाव किया जा सकता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात संबंधी जानकारी या समस्या के लिए संबंधित बीट प्रभारी अथवा यातायात मुख्यालय से संपर्क करें। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना है।

