बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत धान एवं नगदी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया 2 बोरी धान, 1 बोरी चावल तथा 1500 रुपये नगद बरामद कर जप्त किए गए हैं।
दरअसल 25 फरवरी को प्रार्थी भूपेंद्र सूर्यवंशी निवासी घुटकू थाना कोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 फरवरी की रात्रि लगभग 12:23 बजे घर में उनकी मां मनकी बाई के कमरे की छत पर लगे टिन से आवाज आने पर देखने गए तो कमरे में रखा 2 बोरी धान, 1 बोरी चावल एवं संदूक में रखी नगदी रकम गायब थी। दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ मिला। मां के बाहर होने की जानकारी मिलने पर फोन से संपर्क किया गया, तब पता चला कि महिला समूह के 20,000 रुपये भी संदूक से चोरी हो चुके हैं।
रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर थाना कोनी पुलिस ने त्वरित पतासाजी शुरू की। संदेह के आधार पर अभय लास्कर (19) निवासी पंडरीपार घुटकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया 2 बोरी धान, 1 बोरी चावल एवं 1500 रुपये नगद बरामद कर जप्त किए गए।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।