
संजय गांधी नगर वार्ड 29 में उपचुनाव की तैयारी शुरू, प्रशासन ने नियुक्त किए अधिकारी
बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में पार्षद पद के उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वार्ड की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जाएगा।
यह वार्ड वर्ष 1984 में नगर निगम गठन के बाद से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। सीट पिछले साल पार्षद शेख असलम के निधन के कारण रिक्त हुई है। शेख असलम वर्ष 2019 में हुए उपचुनाव में निर्वाचित हुए थे, जो तत्कालीन पार्षद व बीडीए के पूर्व अध्यक्ष शेख गफ्फार के निधन के बाद कराया गया था। उस चुनाव में उन्होंने भाजपा के राजेश रजक को हराया था। बाद के चुनाव में भी उन्होंने भाजपा के वी. मधुसूदन को पराजित कर सीट बरकरार रखी थी, लेकिन बीमारी के कारण उनके निधन से यह सीट फिर खाली हो गई।
उपचुनाव की प्रक्रिया के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिलासपुर को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया है। तहसीलदार बिलासपुर सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे, जबकि अपर कलेक्टर बिलासपुर को पदाभिहित अपीलीय अधिकारी बनाया गया है।
