
चेहरा ढककर चोरी, फिर भी नहीं बच पाया आरोपी — CCTV की एक चूक ने खोल दिया राज
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में एसी का कॉपर पाइप चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए चेहरा ढक रखा था, लेकिन एक छोटी सी चूक उसकी गिरफ्तारी की वजह बन गई।
दरअसल प्रार्थिया पूजा उर्फ प्रिंसी देवांगन ने 27 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 मार्च की रात उसके “ब्यूटी हेवन यूनिसेक्स सैलून” और पास की इलेक्ट्रॉनिक दुकान से एसी के कॉपर पाइप चोरी हो गए। चोरी गए पाइप की कुल कीमत करीब 43,000 रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। आरोपी ने फुटेज में अपना चेहरा ढक रखा था ताकि पहचान न हो सके, लेकिन जल्दबाजी में हुई एक चूक के कारण उसकी पहचान उजागर हो गई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूरन नेताम (24), निवासी दुर्गानगर लिंगियाडीह, सरकंडा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एसी के कॉपर पाइप के कुल 168 टुकड़े (करीब 8.5 किलो) बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 43,000 रुपये है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का औजार भी जब्त किया गया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
