
दगोरी में सजी राम भक्ति की महफिल, नवधा रामायण से बना माहौल भक्तिमय
बिलासपुर। जिले के बिल्हा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दगोरी में 2 अप्रैल से नवधा रामायण का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन पूरे गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ की गई। आरती के समय पूरा गांव भक्ति में सराबोर नजर आया, जहां छोटे-बड़े, महिला-पुरुष और युवा बड़ी संख्या में एकत्र होकर भगवान राम की आराधना में शामिल हुए।
इस अवसर पर दीपिका अमित कौशिक एवं उनकी मंडली द्वारा प्रस्तुत मधुर भजन और आरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरे परिसर में जय श्रीराम के जयकारों की गूंज के साथ भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला।
आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आगामी दिनों में कथा, भजन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
दगोरी में आयोजित यह नवधा रामायण न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सुदृढ़ करने का संदेश भी दे रहा है।
