
बिलासपुर। बढ़ती गर्मी के बीच जहां इंसान राहत के उपाय तलाश रहे हैं, वहीं वन्यजीवों को सुरक्षित और स्वस्थ रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए कानन पेंडारी जू में गर्मी से बचाव के लिए विशेष किए गए हैं, जिनका सकारात्मक असर अब साफ नजर आने लगा है।
जू परिसर से सामने आई तस्वीरों में व्हाइट टाइगर ‘रमन’ पानी में अठखेलियां करता दिखाई दे रहा है। वहीं अन्य बाघ ‘बादल’ और ‘वर्षा’ भी ठंडे पानी में खेलते हुए गर्मी से राहत लेते नजर आए। इन मनमोहक दृश्यों ने जू पहुंचे पर्यटकों को खासा आकर्षित किया और लोगों ने इन पलों का जमकर आनंद लिया।
👆 राजेन्द्र सोरी,एस डी ओ, कानन पेंडारी जू
गर्मी के मौसम को देखते हुए जू प्रबंधन ने वन्यजीवों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। शाकाहारी जानवरों के बाड़ों में स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया गया है, जिससे लगातार ठंडक बनी रहती है। साथ ही हरी घास की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है, ताकि जानवरों को पोषण के साथ राहत भी मिल सके।
मांसाहारी वन्यजीवों के बाड़ों में कूलर और एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं, जिससे तापमान नियंत्रित रखा जा सके और उमस का असर कम हो। इसके अलावा तालाबों और पानी के स्रोतों को भी व्यवस्थित रखा गया है, ताकि जानवर प्राकृतिक तरीके से गर्मी से राहत पा सकें।
जू प्रबंधन के अनुसार सभी वन्यजीव पूरी तरह स्वस्थ हैं और पशु चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। नियमित स्वास्थ्य जांच और देखभाल के चलते किसी भी तरह की परेशानी सामने नहीं आई है।
इन विशेष इंतजामों की वजह से वन्यजीव न सिर्फ सुरक्षित हैं, बल्कि भीषण गर्मी के बीच भी सुकून के पल जी रहे हैं। यही कारण है कि कानन पेंडारी जू इन दिनों पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहां लोग प्रकृति और वन्यजीवों के इन खुशनुमा नजारों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
