![]()
देर रात भूकंप से दहला बस्तर, 4.4 तीव्रता के झटकों से लोग घरों से बाहर निकले
– जगदलपुर सहित आसपास के इलाकों में महसूस हुआ कंपन, नुकसान की खबर नहीं
– ओडिशा के कोरापुट में रहा केंद्र, कम गहराई के कारण हल्के झटके
बिलासपुर।जगदलपुर। शनिवार देर रात बस्तर संभाग में भूकंप के झटकों ने लोगों को चौंका दिया। रात करीब 11:31 बजे आए कंपन से जगदलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। कई स्थानों पर लोगों ने कंपन स्पष्ट रूप से महसूस किया और एहतियातन घरों से बाहर निकल आए, हालांकि झटकों की अवधि कम होने के कारण अधिकतर लोग संभलने का समय भी नहीं पा सके।
सीस्मोलॉजी विभाग के मुताबिक भूकंप का केंद्र कोरापुट (ओडिशा) में स्थित था, जो बस्तर से लगभग 80 किलोमीटर दूर है। भूकंप की तीव्रता 4.4 दर्ज की गई, जबकि इसकी गहराई जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे बताई गई है। कम गहराई होने के बावजूद तीव्रता मध्यम स्तर की रही, जिससे झटके महसूस तो हुए लेकिन उनका असर सीमित रहा। अब तक किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
पहले भी महसूस हो चुके हैं झटके
पिछले कुछ वर्षों में बस्तर अंचल में भूकंपीय गतिविधियों में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। अप्रैल 2024 में भी क्षेत्र में हल्के कंपन दर्ज किए गए थे। पहले जहां इस क्षेत्र को लगभग भूकंप-मुक्त माना जाता था, वहीं अब समय-समय पर छोटे झटके महसूस हो रहे हैं।
विशेषज्ञों की सलाह—घबराएं नहीं, सतर्क रहें
विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में दर्ज किए जा रहे भूकंप सामान्यतः कम तीव्रता के होते हैं, जिससे बड़े नुकसान की संभावना नहीं रहती। इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई है।
