
‘सरल ऐप’ से संगठन होगा मजबूत, देवरीखुर्द मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला डिजिटल प्रशिक्षण
बिलासपुर।भारतीय जनता पार्टी देवरीखुर्द मंडल में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (DLP) के प्रथम चरण का मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में ‘सरल ऐप’ को संगठन की डिजिटल कार्यप्रणाली का प्रमुख माध्यम बताते हुए इसे प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
सरल ऐप को हर कार्यकर्ता तक पहुँचाना अनिवार्य: अवधेश अग्रवाल
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिला उपाध्यक्ष व मंडल प्रभारी श्री अवधेश अग्रवाल ने संगठन में ‘सरल ऐप’ की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने इसे हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा कि शक्ति केंद्र स्तर पर एक विशेष कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे अंतिम छोर के कार्यकर्ता तक इस ऐप को डाउनलोड करवाया जा सके और वे इसके उपयोग में पारंगत हो सकें।

प्रमुख कार्यकर्ताओं को प्रेरित करें पदाधिकारी: मंडल अध्यक्ष
मंडल अध्यक्ष श्री रवि बरगाह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी उपस्थित पदाधिकारियों से ‘सरल ऐप’ को तत्काल डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रमुख पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के अन्य सक्रिय और प्रमुख कार्यकर्ताओं को इस डिजिटल माध्यम से जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि पार्टी का हर काम पूरी पारदर्शिता और गति से डिजिटल पटल पर दिखाई दे। इसके साथ ही, श्री रवि बरगाह ने प्रशिक्षण पूरा कर ‘मेधावी प्रमाण-पत्र’ (Certificate) हासिल करने वाले सभी ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को मंच से विशेष बधाई दी; इस दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने करतल ध्वनि (तालियां) बजाकर उनका भव्य अभिनंदन व उत्साहवर्धन किया।
संगठन को हाईटेक बनाने जुटे पदाधिकारी, विशेष समन्वय से डिजिटल प्रशिक्षण हुआ सरल
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मुख्य प्रशिक्षक एवं जिला आईटी सेल के संयोजक अभिषेक मौर्य ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र प्रभारियों को DLP (डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म) के तहत तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया। इस दौरान जिला सह संयोजक झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ विवेक पाण्डेय ने आईटी सेल के संयोजक श्री अभिषेक मौर्य के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को डिजिटल माध्यमों का व्यावहारिक उपयोग सिखाया और उनके डिजिटल प्रमाण-पत्र (Certificate) डाउनलोड करवाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
दूसरे चरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने का संकल्प
मंच से सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे इस प्रशिक्षण के दूसरे चरण में अपने-अपने मोर्चा एवं शक्ति केंद्रों के सभी सदस्यों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षित करें। सभी सदस्यों के प्रमाण-पत्र डाउनलोड करवाए जाएं, ताकि प्रदेश व जिला नेतृत्व द्वारा प्राप्त लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके।
इस गरिमामयी और महत्वपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन मंडल महामंत्री जितेंद्र राय ने किया। उन्होंने सत्र को बेहद रोचक तरीके से आगे बढ़ाया और कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं का सफल प्रशिक्षण हेतु आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रकाश सूर्या, फागु राम यादव, संतोषी भोई, सुनील जैन, प्रतिमा साहू, रामफल पटेल, राहुल अंचल, जयपाल सिंह, कुलदीप रजक, विक्की यादव, भारती बर्मन, सुनीता रात्रे, रमेश पांडे, ओमप्रकाश सूर्या, सुभाष जायसवाल, निर्मला वस्त्रकार, भरत लाल दिवाकर, पूर्णिमा निषाद, वैशाली बोले, लक्ष्मी सिंह, प्रेम कोल, पुष्पेंद्र चौबे, तुलसी पासी और सन्नी कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
