एनएसयूआई की नई नियुक्तियां रद्द नहीं, यूथ कांग्रेस चुनाव तक रहेंगी होल्ड
दो दिन में आदेश होल्ड होने से मचा था बवाल, अब प्रदेश अध्यक्ष ने साफ की स्थिति
बिलासपुर। एनएसयूआई में जिला अध्यक्षों की नई नियुक्तियों को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। संगठन ने साफ कर दिया है कि नई नियुक्तियां रद्द नहीं हुई हैं, बल्कि फिलहाल होल्ड पर हैं। यूथ कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक नए नियुक्त पदाधिकारी संगठन का कोई आधिकारिक काम नहीं कर सकेंगे। चुनाव खत्म होने के बाद इन्हीं नई नियुक्तियों के आधार पर एनएसयूआई की जिला इकाइयों का कामकाज संचालित होगा।
बिलासपुर में ग्रामीण जिला अध्यक्ष के रूप में रंजेश सिंह की नियुक्ति के महज दो दिन बाद आदेश होल्ड किए जाने से संगठन के भीतर खलबली मच गई थी। नियुक्ति रद्द हुई या बरकरार है, इसे लेकर कार्यकर्ताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। अब एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि रंजेश सिंह समेत नई नियुक्तियां रद्द नहीं की गई हैं। फिलहाल सभी नियुक्तियां होल्ड पर हैं।
चुनाव तक न नया पदाधिकारी काम करेगा, न पुराना
नीरज पांडे के मुताबिक यूथ कांग्रेस का चुनाव चलने तक एनएसयूआई में नई नियुक्ति पाने वाले पदाधिकारी अपने पद का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। वे संगठन के नाम से लेटरपैड जारी करने, आधिकारिक पत्राचार करने या संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने के लिए अधिकृत नहीं होंगे।
खास बात यह है कि इस अवधि में पुराने पदाधिकारी भी अपने पूर्व पद के आधार पर आधिकारिक काम नहीं कर सकेंगे। यानी यूथ कांग्रेस चुनाव तक एनएसयूआई की जिला इकाइयों में पद को लेकर चलने वाली खींचतान पर अस्थायी ब्रेक रहेगा।
दो दिन में होल्ड ने बढ़ाई थी गुटबाजी की चर्चा
बिलासपुर ग्रामीण में रंजेश सिंह की नियुक्ति के बाद महज दो दिन में आदेश होल्ड होने से कांग्रेस के छात्र संगठन में सियासी चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसे संगठन के भीतर चल रहे गुटीय समीकरण और दबाव की राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा था। कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल उठ रहा था कि जब नियुक्ति हो चुकी थी तो अचानक उसे रोकने की जरूरत क्यों पड़ी।
अब प्रदेश नेतृत्व के स्पष्टीकरण के बाद तस्वीर कुछ हद तक साफ हुई है। नियुक्ति रद्द नहीं होने का मतलब है कि होल्ड हटने के बाद नई नियुक्तियों वाले पदाधिकारी ही जिम्मेदारी संभालेंगे।
चुनाव बाद नए चेहरों के हाथ होगी कमान
यूथ कांग्रेस चुनाव तक एनएसयूआई की नई नियुक्तियों पर रोक रहेगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद होल्ड हटने पर नए जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी अपने-अपने पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। ऐसे में फिलहाल जिन नियुक्तियों को लेकर संगठन के भीतर विवाद और असमंजस की स्थिति बनी हुई है, उनका अंतिम असर चुनाव के बाद ही दिखाई देगा।
“जब तक यूथ कांग्रेस का चुनाव चलेगा, कोई कार्य नहीं करेगा। नियुक्तियां अभी होल्ड पर हैं। यूथ कांग्रेस के चुनाव के बाद नए नियुक्त लोग काम करेंगे।” — नीरज पांडे, प्रदेश अध्यक्ष, एनएसयूआई

