
छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस का संगठन विस्तार, नई टीम की घोषणा से संगठन को मिलेगी नई मजबूती
रायपुर। छत्तीसगढ़ आदिवासी कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करते हुए नई प्रदेश टीम का गठन कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष जनक राम ध्रुव के नेतृत्व में गठित इस नई टीम को राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की मंजूरी मिलने के बाद नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन को संगठन को जिला स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार संगठन में एक संगठन महामंत्री, पांच उपाध्यक्ष, 10 महासचिव, 19 सचिव तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए 32 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। नई टीम में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन के विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल है। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच के माध्यम से नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि नई टीम संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष जनक राम ध्रुव ने नई जिम्मेदारी संभालने वाले सभी पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती, जनसेवा और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा जताई है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने उम्मीद व्यक्त की है कि नई टीम आदिवासी समाज के हितों की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
