
लगातार बारिश से बलौदाबाजार में बाढ़ जैसे हालात, पांच पुलों पर आवागमन बंद, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बलौदाबाजार जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई स्थानों पर पुल और चेक डैम पानी में डूब गए हैं, जिससे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के पांच प्रमुख पुलों पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पलारी विकासखंड के महानदी अमेठी घाट पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा है। वहीं भाटापारा-सुहेला मार्ग स्थित जमुनिया नाला पुल, सुहेला के भंवरगढ़-बरडीह मार्ग तथा शिकारी-केशली मार्ग के जमुनिया नाला पुल पर लगभग एक-एक फीट पानी बहने से आवागमन रोक दिया गया है। इसके अलावा बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेक डैम पर भी करीब दो फीट पानी होने के कारण लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को कोटवारों के माध्यम से मुनादी कर नदी-नालों और पुलों से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है। साथ ही सभी प्रभावित पुलों पर बैरिकेडिंग कर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। राहत एवं आपदा प्रबंधन, होमगार्ड और पुलिस विभाग की टीमों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
इधर, मौसम विभाग ने 30 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मुंगेली, कबीरधाम, बालोद, कांकेर, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में भी सुबह से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का दौर जारी है।
लगातार बारिश का असर अन्य जिलों में भी देखने को मिल रहा है। गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में फिंगेश्वर स्थित सरगी नाला उफान पर आ गया है, जिससे राजिम-महासमुंद मुख्य मार्ग पर पानी बहने लगा और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं कांकेर जिले में अंतागढ़-कोयलीबेड़ा मार्ग पर पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी, नालों और जलमग्न पुलों को पार करने का प्रयास न करें।
