
स्व. शशिकांत कोन्हेर की स्मृति में प्रखर पत्रकार महासंघ के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन स्वर्गीय शशिकांत कोन्हेर की स्मृति में राघवेंद्र राव सभा भवन में आयोजित समारोह में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि अनिल टाह रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। स्व. शशिकांत कोन्हेर ने हमेशा मूल्यों पर आधारित पत्रकारिता की और समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय प्रदेश के पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराएगा।
प्रदेश अध्यक्ष विनय मिश्रा ने कहा कि यह कार्यालय पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके कौशल विकास का केंद्र बनेगा। वहीं अनिल टाह ने संगठन को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकार हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह के दूसरे चरण में बिलासपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष दिलीप यादव की दादी केकती यादव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश महासचिव पंकज खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजेंद्र कश्यप, उमाशंकर साहू, डब्बू ठाकुर, गुड्डा सदाफले, उमाकांत मिश्रा, सुधीर तिवारी, ध्रुव चंद्रा, कमल दुसेजा, उमाशंकर शुक्ला, पवन वर्मा, संजय ठाकुर, रंजीत खनूजा, जितेंद्र पोर्ते, रमेश यादव, रमेश गोयल, गीता सोनचे, रेशमा लहरे सहित महासंघ के पदाधिकारी, प्रेस क्लब के सदस्य, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
