
करीब 36 घंटे से अधिक समय तक सूखे रहे पुलिस क्वार्टर के नल, पानी के लिए परेशान रहे परिवार
मोटर खराब होने से बाधित रही जलापूर्ति, निगम टैंकरों के सहारे चली दिनचर्या
बिलासपुर। शहर के ईदगाह चौक स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के बगल में बने पुलिस क्वार्टर्स में रविवार और सोमवार को जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मोटर खराब होने के कारण क्वार्टर्स के ए, बी, सी, डी और ई ब्लॉक में रहने वाले पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को लगभग 36 घंटे से भी अधिक समय तक पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक सप्लाई बहाल नहीं होने से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
स्थानीय निवासियों के अनुसार रविवार सुबह से ही नलों में पानी आना बंद हो गया था। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि कुछ घंटों में समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण व्यवस्था सामान्य होने में काफी समय लग गया। बताया गया कि जलापूर्ति करने वाली मोटर खराब हो गई थी, जिसकी मरम्मत और व्यवस्था दुरुस्त करने में करीब डेढ़ दिन का समय लग गया। इस दौरान सोमवार तक अधिकांश क्वार्टर्स में नियमित पानी सप्लाई बंद रही।
पानी नहीं मिलने से लोगों को पीने के पानी से लेकर निस्तार और दैनिक जरूरतों तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी। कई परिवारों को बाहर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ी, वहीं कुछ लोग बर्तन और ड्रम लेकर पानी भरने के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। छोटे बच्चों और बुजुर्गों वाले परिवारों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।
स्थिति बिगड़ने के बाद नगर निगम के टैंकरों के माध्यम से अस्थायी रूप से जलापूर्ति की गई। टैंकर पहुंचने के बाद लोगों ने बाल्टी, ड्रम और बर्तनों में पानी भरकर किसी तरह अपनी दिनचर्या चलाई। हालांकि रहवासियों का कहना है कि इतनी बड़ी आवासीय कॉलोनी में जलापूर्ति ठप होने के बाद भी व्यवस्था सुधारने में अत्यधिक समय लगना चिंता का विषय है।
रहवासियों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक मोटर और बैकअप व्यवस्था तैयार रखी जाए, ताकि अचानक तकनीकी खराबी होने पर लोगों को लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े।
समस्या ने खोली व्यवस्था की पोल
पुलिस क्वार्टर्स में जलापूर्ति ठप होने के बाद करीब 36 घंटे तक व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। रहवासियों का कहना है कि मोटर खराब होने जैसी समस्या के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं होने से परेशानी कई गुना बढ़ गई। टैंकरों के भरोसे पूरी कॉलोनी की जरूरतें पूरी करना मुश्किल साबित हुआ। लोगों ने नियमित रखरखाव और बैकअप सिस्टम की मांग उठाई है।
लो वोल्टेज के कारण पानी ऊपर मंजिल में नहीं चढ़ रहा था लेकिन नीचे रहने वाले लोगों को पानी मिला है। फिलहाल मरम्मत कर दी गई है,अब पानी सप्लाई में दिक्कत नही है- अनुपम तिवारी, प्रभारी जल विभाग
