
रायपुर में भाजपा के 17 प्रकोष्ठों की महाबैठक, बिलासपुर के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ ने दर्ज कराई दमदार मौजूदगी
रायपुर/बिलासपुर। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की वृहद संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ बिलासपुर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संभाग सह प्रभारी पल्लव धर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
महाबैठक के साथ झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ की अलग से बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर में संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव तथा बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। नेताओं ने सभी 17 प्रकोष्ठों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी लक्ष्य और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बिलासपुर जिले से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिज्जू राव, जिला ग्रामीण संयोजक थानूराम साहू, सह संयोजक ईश्वर प्रसाद यादव, जिला सह संयोजक विवेक पाण्डेय, गणेश प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से जनसंपर्क को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शीर्ष नेतृत्व के संबोधन और संगठन विस्तार की रणनीति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
