
राघवेन्द्र सभा भवन में तीन दिवसीय सावन व्यापार मेले का आज होगा समापन
बिलासपुर। शहर के राघवेन्द्र सभा भवन में आयोजित तीन दिवसीय सावन व्यापार मेले का समापन रविवार, 12 जुलाई को होगा। 10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस मेले में महिलाओं द्वारा स्वयं के हाथों से तैयार किए गए हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, सजावटी सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य आकर्षक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।
मेले का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके हुनर को व्यापक मंच उपलब्ध कराना और स्थानीय हस्तशिल्प व स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। आयोजन के माध्यम से स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
मेले में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। विभिन्न वर्गों के नागरिक स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं के उत्पादों की सराहना कर रहे हैं। आयोजकों ने समापन दिवस पर अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर स्थानीय महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
