बिलासपुर में मानसून की रफ्तार धीमी, 12 जुलाई तक सामान्य से 75.1 प्रतिशत ही हुई बारिश
बेलगहना और बोदरी में सबसे बेहतर स्थिति, बेलतरा और कोटा सबसे पीछे
बिलासपुर। जिले में रविवार तक मानसून की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा द्वारा जारी दैनिक वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार 1 जून से 12 जुलाई 2026 तक जिले में औसतन 222.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले 10 वर्षों के आधार पर इसी अवधि में औसत वर्षा 295.7 मिमी होनी चाहिए थी। इस प्रकार जिले में अब तक सामान्य वर्षा का 75.1 प्रतिशत ही रिकॉर्ड किया गया है।
रविवार (12 जुलाई) को जिले की किसी भी तहसील में वर्षा दर्ज नहीं की गई। जिले में 1 जून से अब तक कुल 2665.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार तखतपुर में सर्वाधिक 274.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इसके बाद सकरी में 266.5 मिमी, बोदरी में 248.9 मिमी और बेलगहना में 243.6 मिमी वर्षा हुई है।
वहीं बेलतरा में सबसे कम 156.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा रतनपुर में 184.8 मिमी, कोटा में 191.0 मिमी, मस्तूरी में 196.9 मिमी, बिल्हा में 215.3 मिमी, सीपत में 220.8 मिमी, बिलासपुर में 232.9 मिमी तथा पचपेड़ी में 233.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
सामान्य वर्षा की तुलना में बोदरी की स्थिति सबसे बेहतर रही, जहां अब तक 93.8 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। इसके बाद पचपेड़ी में 88 प्रतिशत, तखतपुर में 86.8 प्रतिशत, सकरी में 79.7 प्रतिशत, बिल्हा में 78.1 प्रतिशत तथा सीपत में 77 प्रतिशत वर्षा हुई है।
दूसरी ओर बेलतरा में सामान्य का केवल 53.8 प्रतिशत, रतनपुर में 60.6 प्रतिशत और कोटा में 63.5 प्रतिशत वर्षा दर्ज होने से ये क्षेत्र अब भी सामान्य वर्षा से काफी पीछे बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे वर्षा की कमी में कुछ हद तक सुधार होने की उम्मीद है।
