
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश का अंतिम मौका, 5 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
बिलासपुर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में निजी विद्यालयों की कक्षा पहली में प्रवेश के लिए तृतीय एवं अंतिम चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभिभावक 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक आरटीई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन 25 जुलाई से 7 अगस्त तक नोडल प्राचार्यों द्वारा किया जाएगा। इसके बाद 10 से 14 अगस्त के बीच ऑनलाइन लॉटरी और काउंसिलिंग के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी होगी। चयनित बच्चों का संबंधित निजी विद्यालयों में प्रवेश 17 से 25 अगस्त तक कराया जाएगा। वहीं 20 से 27 अगस्त तक नोडल प्राचार्य प्रवेशित विद्यार्थियों की अंतिम प्रविष्टि आरटीई पोर्टल पर दर्ज करेंगे।
जिला शिक्षा विभाग ने पात्र अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश का लाभ प्राप्त कर सकें।
