
रतनपुर को मिली 2.03 करोड़ की सौगात, बनेगा ऑडिटोरियम और वार्ड-5 में होगा अहाता निर्माण
बिलासपुर, 21 जुलाई। रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दो महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 3 लाख 8 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद संचालनालय ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वीकृत कार्यों में 1 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये की लागत से रतनपुर में आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-5 में अहाता निर्माण के लिए 20 लाख 10 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
इन दोनों परियोजनाओं के लिए जारी राशि से रतनपुर में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। विभाग के अनुसार स्वीकृति आदेश जारी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
