रोपाई के लिए निकले मजदूर हादसे का शिकार, ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत
बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के मेडपार बाजार में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर घायल हो गए। धान की रोपाई के लिए खेत जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में करीब 15 से 20 महिला-पुरुष मजदूर सवार होकर खेत में धान की रोपाई करने जा रहे थे। मेडपार बाजार के पास चालक चंद्रशेखर पटेल का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर में सवार कई मजदूर उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में मेडपार बाजार निवासी मथुरा निषाद और बमलेश्वरी निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य मजदूर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिर्री थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
