
महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने थाने में की शिकायत, कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पत्रकार मोहन तिवारी की पोस्ट पर कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा द्वारा महिलाओं के सम्मान और गरिमा के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बिलासपुर शहर ने शुक्रवार को सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत आवेदन सौंपा।
भाजयुमो ने आवेदन में कहा कि संबंधित टिप्पणी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली होने के साथ ही समाज में गलत और अशोभनीय संदेश प्रसारित करती है। संगठन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर प्रचलित कानून के तहत आवश्यक वैधानिक एवं कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
भाजयुमो पदाधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर की जाने वाली आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणियों के खिलाफ कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता, देवेश खत्री, महर्षि बाजपेयी, निलेश सिंह, राहुल सिंह, स्वर्णिम तिवारी, साहिल कश्यप, अमर राजपूत, देबाशीष दत्ता, मोनू मिश्रा, शुभम यादव, किशन यादव, पराग उइके, मनीष वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
