
पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और सशक्त बनाएं : अरुण साव
कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, प्रेस क्लब को 20 लाख की सहायता की घोषणा
कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद पटेल और फूलसिंह राठिया भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का दायित्व है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि नई तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में अनुभवी एवं युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की सक्रिय भूमिका और समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। महापौर संजू देवी राजपूत और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, बिलासपुर प्रेस क्लब के अभिजीत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।
