
भैंसाझार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सागौन से भरी पिकअप और बाइक जब्त
बिलासपुर। कोटा वन मंडल के भैंसाझार परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की लकड़ी से भरी एक महिंद्रा पिकअप और उसके साथ चल रही एक बाइक जब्त की है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।
दरअसल वन विभाग की टीम कलमीटार बीट के जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर रात्रिकालीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध महिंद्रा पिकअप (सीजी-10 सीए-5582) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में छिपाकर रखे गए सागौन के 11 लट्ठे बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान वाहन चालक और साथ मौजूद लोगों से लकड़ी परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई अनुमति पत्र, बिल या रसीद प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई के दौरान तस्करी में रेकी और सहयोग के लिए उपयोग की जा रही होंडा लीवो बाइक (सीजी-28 सी-3192) को भी जब्त कर लिया गया।
वन विभाग ने जब्त लकड़ी, पिकअप और बाइक को अपने कब्जे में लेकर नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के खिलाफ वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है।
गौरतलब है कि कोटा क्षेत्र के जंगलों में सागौन सहित अन्य बहुमूल्य इमारती लकड़ियों की अवैध कटाई और तस्करी लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर समय-समय पर वन कर्मियों की मिलीभगत के आरोप भी लगते रहे हैं। वन विभाग की इस कार्रवाई को अवैध लकड़ी तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
