
टेंट उद्योग तेजी से बन रहा सशक्त उद्योग, नवाचार से मिल रही नई पहचान : अरुण साव
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर के लाभांडी में छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने एक्सपो में प्रदर्शित टेंट एवं डेकोरेशन से जुड़े आधुनिक उत्पादों, आकर्षक डिजाइनों और नई तकनीकों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि टेंट व्यवसाय आज तेजी से विकसित होकर एक सशक्त उद्योग के रूप में स्थापित हो रहा है। नई थीम, आधुनिक तकनीक और लगातार हो रहे नवाचार इस क्षेत्र को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम समय में किसी भी स्थान का स्वरूप पूरी तरह बदल देना टेंट व्यवसायियों की रचनात्मकता और दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
अरुण साव ने कहा कि इस तरह के एक्सपो देश के विभिन्न शहरों के व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर अनुभव साझा करने, नई तकनीकों से परिचित होने और व्यापार के नए अवसर तलाशने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन टेंट उद्योग के विस्तार के साथ-साथ राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा देशभर से आए टेंट व्यवसायी और इस क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अंत में उप मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन को एक्सपो के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
