
बिलासपुर पुलिस ने गुम मोबाइल बरामदगी में बनाया नया रिकॉर्ड
1250 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, 30 लाख के 202 मोबाइल स्वामियों को सौंपे
बिलासपुर। गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2026 में अब तक 1250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। गुम मोबाइल की बरामदगी और उन्हें स्वामियों तक पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस राज्य में प्रथम स्थान पर है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘चेतना अभियान’ के तहत रविवार को ‘अर्पण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों से बरामद किए गए 202 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है, उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।
उम्मीद छोड़ चुके लोगों को वापस मिली अमानत
मोबाइल वापस मिलने पर कई लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। कुछ लोगों ने तो अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद भी छोड़ दी थी। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों ने बिलासपुर पुलिस के इस जनहितकारी और मानवीय प्रयास की सराहना की और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम मोबाइल की लगातार तलाश की जा रही है। निर्देशों के पालन में एसीसीयू (साइबर सेल) बिलासपुर की टीम ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ही सीमावर्ती राज्यों से भी गुम मोबाइल बरामद किए।
साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
‘अर्पण’ कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने मौजूद नागरिकों को वर्तमान समय में हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी। साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी और उनकी टीम ने नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए भारत सरकार के मोबाइल एप्लीकेशन ‘संचार साथी’ के उपयोग की जानकारी भी दी।
2026 में अब तक 1250 मोबाइल बरामद
बिलासपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 1250 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि गुम मोबाइल की बरामदगी और उन्हें वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने में एसीसीयू (साइबर सेल) के साथ जिले के सभी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसीसीयू मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलवार, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और मोबाइल धारक उपस्थित रहे।
