कुम्हारपारा से शनिचरी बाजार तक गूंजा आजादी का जश्न, ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम
बिलासपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहरभर में विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में प्राथमिक शाला एवं शासकीय प्रायोगिक मिडिल स्कूल कुम्हारपारा में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय अनुसूचित जनजाति (एससी, एसटी, ओबीसी) हेला समाज की राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं अखिल भारतीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) की महिला प्रदेश अध्यक्ष रानी हेला शामिल हुईं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
इसके बाद तारबाहर पार्षद कार्यालय और शनिचरी मार्केट के पास भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां भी ध्वजारोहण एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम हुए। समारोह में रानी हेला की विशेष उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

