
बाल सुधार गृह में नाबालिग बंदी ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह से मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। सूचना पर सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सप्ताहभर पहले लाया गया था बाल सुधार गृह
जानकारी के अनुसार मृतक नाबालिग रायगढ़ जिले का रहने वाला था। उसे करीब एक सप्ताह पहले दुष्कर्म के मामले में बाल सुधार गृह लाया गया था। मंगलवार को उसने परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल नाबालिग ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
