
स्वतंत्रता दिवस पर संघ कार्यालय में ध्वजारोहण, राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों का दिया संदेश
संघ कार्यालय कोलकर कुंज में गरिमामय आयोजन, नारायण नामदेव ने स्वतंत्र भारत के प्रति जिम्मेदारियों का कराया स्मरण
बिलासपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बिलासपुर के संघ कार्यालय कोलकर कुंज में ध्वजारोहण एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, संघ के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर गिमनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उनके द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम, देश की संस्कृति और नागरिक कर्तव्यों को लेकर विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव ने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल स्वतंत्रता संग्राम के दौरान संघर्ष करने और अपने प्राणों की आहुति देने तक सीमित नहीं है। स्वतंत्र भारत में भी प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन कर देश के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को अभिव्यक्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग और बलिदान को हमेशा स्मरण रखना चाहिए। उन परिवारों की पीड़ा और त्याग को समझना भी आवश्यक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने बच्चों को राष्ट्र के लिए समर्पित किया। उन्होंने चाफेकर बंधुओं सहित स्वतंत्रता आंदोलन के अनेक बलिदानियों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
नामदेव ने भारतीय संस्कृति, संस्कार और परंपराओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि देश के प्रति जिम्मेदारी केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। दैनिक जीवन में अपने नागरिक दायित्वों का निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह गोवर्धन देवांगन ने भी उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक गणेश साहू सहित संघ कार्यालय के स्वयंसेवक बंधु और नगर के विभिन्न कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हर वर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी संघ कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम उत्साह और गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
