
कई दिनों से लापता नाबालिग, कार्रवाई नहीं होने पर परिवार ने लगाई गुहार
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 14 वर्ष की एक नाबालिग लड़की पिछले कई दिनों से लापता है। परिजनों का आरोप है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार परेशान होकर अपनी बेटी की तलाश में भटक रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के पास का है। यहां रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने घटना की जानकारी तुरंत सिविल लाइन थाने में दी थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका है।
परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और आशंका जताई जा रही है कि वह उसे बिहार लेकर फरार हो गया है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस सक्रियता दिखाती तो अब तक बच्ची का पता चल सकता था।
अपनी बेटी की तलाश में परेशान परिजन न्याय की गुहार लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाबालिग की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
