
75 हजार की ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। तखतपुर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान तखतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गेश गायकवाड (22), निवासी बड़े बाजार तखतपुर, मोठे चौक के पास ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मादक पदार्थ अप्पू देवांगन (32), निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर से लिया है। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अन्य राज्य से ब्राउन शुगर लाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की। उसके पास से एक मोबाइल फोन और 2000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
