
फर्जी सिम बेचने वालों पर तत्काल एफआईआर करें, आईजी के सख्त निर्देश
साइबर थानों की समीक्षा बैठक में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दिए कई अहम निर्देश, 15 दिन में पीड़ितों को राशि लौटाने पर जोर
बिलासपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए आईजी राम गोपाल गर्ग ने रेंज कार्यालय के मीटिंग हॉल में साइबर अपराधों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के साइबर थानों के नोडल एएसपी, डीएसपी, थाना प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी शामिल हुए। बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम और मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
हर थाने को रोजाना साइबर पोर्टल पर करना होगा लॉगिन
आईजी ने निर्देश दिए कि अब केवल साइबर थाने ही नहीं, बल्कि रेंज के सभी सामान्य थाने भी रोजाना नेशनल साइबर अपराध पोर्टल पर लॉगिन करेंगे। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू करनी होगी। लंबित प्रकरणों का भी बिना देरी के निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
फर्जी सिम बेचने वालों पर होगी तत्काल एफआईआर
फर्जी या संदिग्ध सिम सक्रिय करने वाले पीओएस एजेंटों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त म्यूल अकाउंट की सूची के आधार पर बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और जांजगीर जिलों में त्वरित कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
15 दिन में पीड़ितों को वापस दिलाएं राशि
साइबर ठगी के मामलों में बैंकों में होल्ड कराई गई राशि पीड़ितों के खातों में जल्द वापस कराने के लिए धारा 106 और कोर्ट ऑर्डर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। 15 दिन से अधिक पुराने बैंक होल्ड मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और बैंक से समन्वय के दौरान पुलिस स्तर पर कोई फाइल लंबित नहीं रखने की हिदायत दी गई।
ठगी में इस्तेमाल डिजिटल हथियार होंगे ब्लॉक
साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस, वाट्सऐप और टेलीग्राम अकाउंट को प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक कराने के निर्देश दिए गए। इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी जाएगी।
‘समन्वय पोर्टल’ पर अपराधियों का डेटा अनिवार्य
गिरफ्तार किए गए सभी साइबर अपराधियों का पूरा विवरण, फिंगरप्रिंट और एफआईआर की स्थिति ‘समन्वय पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर वालंटियर्स की भर्ती में तेजी
पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा करने और साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय युवाओं को अभियान से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
आईजी बोले- निर्देशों का शत-प्रतिशत हो क्रियान्वयन
आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिसिंग को पारदर्शी एवं त्वरित बनाना है। सभी अधिकारी निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि थानों में प्रकरणों का जल्द निराकरण हो और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिले।
उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा सहित रेंज साइबर थाने का स्टाफ मौजूद रहा।
