रुड़की में ‘जिद्दी छोरा’ की शूटिंग में व्यस्त अभिनेता संदेश गौर
फिल्म में राज मेहता के किरदार में आएंगे नजर, कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर है कहानी
Bilaspur। बॉलीवुड और टेलीविजन अभिनेता संदेश गौर इन दिनों उत्तराखंड के रुड़की में आगामी हिंदी फीचर फिल्म ‘जिद्दी छोरा’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। कॉमेडी, पारिवारिक मूल्यों, दोस्ती और भावनाओं से जुड़ी इस फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के खूबसूरत लोकेशनों के साथ मुंबई में भी की जाएगी।
संदेश गौर पिछले एक दशक से अधिक समय से मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने हिंदी के साथ मराठी, छत्तीसगढ़ी और तेलुगु फिल्मों में भी अभिनय किया है। उनकी फिल्मों में ‘मीराधा’, ‘झिंग प्रेमाची’, ‘भला माणूस’, ‘दाई’ और ‘अडविलो’ शामिल हैं। इसके अलावा वह स्टार प्लस, सोनी टीवी, सब टीवी, बिग मैजिक और दूरदर्शन के विभिन्न कार्यक्रमों में भी नजर आ चुके हैं।
फिल्मों और टेलीविजन के अलावा संदेश गौर पांच वेब सीरीज, 30 से अधिक मिनी सीरीज और 25 से ज्यादा म्यूजिक वीडियो में भी काम कर चुके हैं। उनके कई म्यूजिक वीडियो टी-सीरीज, जी म्यूजिक कंपनी और टिप्स जैसे प्रमुख म्यूजिक लेबल के माध्यम से जारी हुए हैं।
राज मेहता के किरदार में नजर आएंगे
‘जिद्दी छोरा’ में संदेश गौर राज मेहता की भूमिका निभा रहे हैं। राज मेहता रुड़की का एक सफल व्यवसायी है, जो खुशमिजाज, ईमानदार, सकारात्मक और रिश्तों को महत्व देने वाला व्यक्ति है। दोस्ती के प्रति उसका समर्पण कहानी का अहम हिस्सा है। फिल्म में राज मेहता अपने करीबी मित्र अमीरचंद का हर परिस्थिति में साथ देता है। अमीरचंद की भूमिका वरिष्ठ अभिनेता मनीष खन्ना निभा रहे हैं।
राज मेहता के किरदार को लेकर संदेश गौर का कहना है कि यह भूमिका उनके लिए खास है, क्योंकि इसमें हास्य और भावनाओं के साथ दोस्ती और रिश्तों की गहराई को भी दिखाया गया है।
अजीत ने लिखा और निर्देशित किया
फिल्म ‘जिद्दी छोरा’ का लेखन और निर्देशन अजीत वर्मा ने किया है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी त्रिलोकी चौधरी संभाल रहे हैं। फिल्म का निर्माण तिरुपति प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है। इस बैनर के तहत ‘ऑपरेशन मुंबई 26/11’, ‘रक्तधार’ सहित अन्य फिल्मों का निर्माण किया जा चुका है।
फिल्म में संदेश गौर और मनीष खन्ना के अलावा अजीत वर्मा, राजा कापसे, अविनाश शेजवानी, करिश्मा राव, सिमरन धीमान और सूर्यदेव मलिक सहित उत्तराखंड और रुड़की के कई कलाकार नजर आएंगे।
‘महिपाल की कोठी’ और होटल राज महल में भी शूटिंग
फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के कई चर्चित और मनोरम स्थानों पर की जा रही है bn। रुड़की स्थित अधिवक्ता सुमित चौधरी की ‘महिपाल की कोठी’ और होटल राज महल भी फिल्म के प्रमुख शूटिंग स्थलों में शामिल हैं। इसके अलावा देहरादून और मुंबई में भी फिल्म के विभिन्न दृश्यों की शूटिंग प्रस्तावित है।
कॉमेडी और पारिवारिक मनोरंजन के साथ दोस्ती और रिश्तों की कहानी को केंद्र में रखकर बनाई जा रही ‘जिद्दी छोरा’ से दर्शकों को एक मनोरंजक बॉलीवुड फिल्म की उम्मीद है। फिल्म में संदेश गौर का राज मेहता का किरदार भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।

