
डीजी के बेटे से मारपीट, समझाइश देने पर भड़का कार चालक — सरकंडा थाने में केस दर्ज
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में मारपीट का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस महानिदेशक (डीजी) पवन देव के बेटे तेजस्व देव के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार तेजस्व देव सड़क पर थे, तभी एक कार सवार युवक लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां से गुजर रहा था। तेजस्व देव ने उसे सावधानी से गाड़ी चलाने की समझाइश दी, लेकिन बात सुनकर कार चालक भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी युवक ने तेजस्व देव के साथ हाथापाई कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान सागर जायसवाल के रूप में हुई है। समझाइश देने पर वह गुस्से में आ गया और बहस करते हुए मारपीट करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और पुलिस को सूचना दी।
घटना की शिकायत के बाद सरकंडा थाने में आरोपी सागर जायसवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
