
एशियाई चैंपियन बेटियों का कलेक्टर ने किया सम्मान
संजू देवी और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर बिलासपुर लौटीं महिला खिलाड़ी संजू देवी और मधु सिदार का कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्यालय में सम्मान किया। कलेक्टर ने दोनों खिलाड़ियों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संजू देवी जापान में आयोजित 20वीं एशियाई महिला कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रहीं। वहीं मधु सिदार ने चीन में आयोजित जूनियर एशिया हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ी बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रही हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता हासिल करने के बाद दोनों खिलाड़ियों का यह पहला बिलासपुर आगमन था।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
संजू देवी ने कहा कि देश के लिए खेलना और स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए गर्व का क्षण है। बिलासपुर लौटने पर मिले सम्मान और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, उप संचालक खेल ए. एक्का सहित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के खिलाड़ी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
