भोजपुरी समाज की नवगठित कार्यकारिणी ने ली शपथ, समाजहित में कार्य करने का लिया संकल्प
विधायक धरमलाल कौशिक और महापौर पूजा विधानी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ समारोह
बिलासपुर। भोजपुरी समाज बिलासपुर की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 13 अक्टूबर को इमलीपारा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद भोजपुरी भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहीं। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा समाज के विकास और उत्थान के लिए कार्य करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात भोजपुरी समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद सिंह एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर तथा पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक एवं विशिष्ट अतिथि महापौर पूजा विधानी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के संस्थापक एवं संरक्षक एसपी सिंह तथा मंच के अध्यक्ष प्रवीण झा विशेष रूप से उपस्थित रहे। भोजपुरी समाज के संरक्षक एनपी शर्मा, एचपीएस चौहान, बृजेश सिंह, एसके सिंह, जेएन सिंह, विजय ओझा, अजय पाठक, एसएन तिवारी, अरुण सिंह, लव ओझा, संजय सिंह राजपूत, सीएम सिंह एवं आरएस परिहार ने भी समारोह में सहभागिता की। इसके अलावा भोजपुरी समाज चांपा के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह तथा सहजानंद समाज के अभय नारायण राय और प्रशांत सिंह की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपने पद की जिम्मेदारियों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली।
इन्होंने ली पद की शपथ
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में विनोद सिंह ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। संजय सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए गए। उपाध्यक्ष पद पर विकेश सिंह, वकील सिंह, बबलू कश्यप, अर्जुन सिंह, लव दीक्षित, संजय शर्मा, मनोज सिंह, सुरेश सिंह, पवन पांडेय एवं लक्ष्मण यादव ने शपथ ग्रहण की।
बीएन ओझा ने महासचिव तथा मुन्ना सिंह ने सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली। पंकज सिंह कोषाध्यक्ष और रेवती रमण सिंह सहकोषाध्यक्ष बने। प्रमेंद्र सिंह ने सांस्कृतिक सचिव, सुरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रसार सचिव, विमल सिंह ने कार्यालय सचिव तथा बृजराज सिंह ने विधि सलाहकार के रूप में शपथ ली।
वहीं संगठन सचिव के रूप में मृत्युंजय यादव, संतोष ओझा, राजबली गुप्ता, एनडी पांडेय एवं राहुल गिरी ने अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम का संचालन भोजपुरी समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक एसके सिंह ने किया। अंत में महासचिव बीएन ओझा ने सभी अतिथियों, समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

