
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डॉ आकांक्षा साहू को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर महिला सम्मान
बिलासपुर।(नई दिल्ली)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय, तीन मूर्ति भवन परिसर में आयोजित समारोह में बिलासपुर निवासी डॉ आकांक्षा साहू को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर महिला सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम कमला घमंडीराम गोमानी ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की। इस अवसर पर दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।
डॉ आकांक्षा साहू, जो साहू समाज के चिकित्सा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष, एमबीबीएस सीनियर सर्जन एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं, को शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन तथा विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने जैसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
अतिथियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, शाल-श्रीफल और चांदी के सिक्के देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली अन्य महिलाओं को भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।
