
‘सियान चेतना’ अभियान: अब रिटायर्ड पुलिसकर्मी भी संभालेंगे जिम्मेदारी, बिलासपुर पुलिस की अनूठी पहल
अपराध नियंत्रण से जनजागरूकता तक निभाएंगे भूमिका, पुलिस-जनता के बीच बढ़ेगा समन्वय
बिलासपुर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अब रिटायर्ड पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी सक्रिय रूप से पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस संबंध में पुलिस मैदान स्थित बिलासा गुड्डी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वर्तमान पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मित कौर और डीएसपी मंजूलता केरकट्टा सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनके माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, समाज में जागरूकता फैलाने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने पर जोर दिया गया।
नई व्यवस्था के तहत रिटायर्ड कर्मी स्थानीय स्तर पर निगरानी और सूचना साझा करने, सामाजिक विवादों के समाधान में सहयोग, युवाओं को अपराध से दूर रखने के लिए प्रेरित करने और पुलिस की जनसंपर्क गतिविधियों को मजबूत करने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही वे साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, ठगी, संगठित अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और यातायात प्रबंधन जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान भी चलाएंगे।
पहले ड्रोन, अब अनुभव का सहारा
एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा पहले आधुनिक तकनीक जैसे ड्रोन के माध्यम से पुलिसिंग को सशक्त किया गया था। अब अनुभवी रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को जोड़कर इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बीट प्रणाली को भी मजबूती से लागू किया जा रहा है।
जनता और पुलिस के बीच बढ़ेगा विश्वास
इस पहल से न केवल पुलिस विभाग को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम जनता के बीच भी विश्वास बढ़ेगा। अनुभवी और सम्मानित रिटायर्ड पुलिसकर्मी समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेंगे।
बिलासपुर पुलिस की यह पहल भविष्य में एक मॉडल के रूप में उभर सकती है, जिसे अन्य जिलों में भी अपनाया जा सकता है।
