स्मार्ट मीटर से नहीं बढ़ी बिजली खपत, बिलासपुर में 81% उपभोक्ताओं के बिल हुए कम
पावर कंपनी के अध्ययन में दावा, जुलाई में बिजली खपत जून के मुकाबले 28.88% घटी
बिलासपुर।स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली आशंकाओं के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने बिलासपुर नगर वृत्त के जून और जुलाई 2026 के आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन जारी किया है। कंपनी के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने से बिजली खपत नहीं बढ़ी है, बल्कि जुलाई में 81 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली बिल 400 यूनिट तक की श्रेणी में रहा। अध्ययन के अनुसार कुल बिजली खपत जून की तुलना में जुलाई में 28.88 प्रतिशत कम दर्ज की गई।
पावर कंपनी के अनुसार बिलासपुर नगर वृत्त में कुल 86,568 स्मार्ट मीटरधारी घरेलू उपभोक्ताओं का अध्ययन किया गया। इनमें जुलाई 2026 में 70,368 उपभोक्ता (करीब 81 प्रतिशत) 400 यूनिट तक बिजली खपत की श्रेणी में रहे। जून में इस श्रेणी के उपभोक्ताओं की संख्या 55,392 थी, जो जुलाई में बढ़कर 70,368 हो गई।इस वर्ग की बिजली खपत भी 10.00 मिलियन यूनिट से बढ़कर 12.28 मिलियन यूनिट दर्ज की गई। वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या जून के 31,176 से घटकर जुलाई में 16,200 रह गई, यानी इसमें 48.04 प्रतिशत की कमी आई। इस वर्ग की बिजली खपत भी 25.93 मिलियन यूनिट से घटकर 13.27 मिलियन यूनिट रह गई। 600 यूनिट से अधिक खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 60.14 प्रतिशत और उनकी बिजली खपत में 53.81 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
कंपनी के अनुसार जून 2026 में कुल बिजली खपत 35.94 मिलियन यूनिट थी, जो जुलाई में घटकर 25.56 मिलियन यूनिट रह गई। विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान तापमान में कमी आने से एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग कम हुआ, जिससे बिजली की खपत स्वाभाविक रूप से घटी। बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि सभी आंकड़े स्मार्ट मीटर की वास्तविक रीडिंग पर आधारित हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि स्मार्ट मीटर तेज चलने या अधिक बिजली खपत दर्ज करने जैसी आशंकाएं निराधार हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर वास्तविक विद्युत उपभोग के अनुसार ही खपत रिकॉर्ड करता है।