
किन्नरों के दो गुटों में विवाद बरकरार, एसपी कार्यालय पहुंचा रजिया गुट
पूजा किन्नर और साथियों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप, कार्रवाई की मांग; हत्या की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
बिलासपुर। शहर में किन्नरों के दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस द्वारा पहले भी मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बावजूद विवाद जारी है। सोमवार को रजिया गुट के किन्नर एसपी कार्यालय पहुंचे और पूजा किन्नर व उसके साथियों पर मारपीट तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
एसपी कार्यालय पहुंचे रजिया गुट के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि पूजा किन्नर और उसके साथी लगातार उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। मारपीट की घटनाओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों से वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।पहले भी दोनों पक्षों पर दर्ज हो चुके हैं मामले
रजिया गुट के सदस्यों के अनुसार दोनों गुटों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। मारपीट और अन्य विवादित घटनाओं को लेकर दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस पहले भी मामले दर्ज कर चुकी है। इसके बावजूद आपसी विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।
रजिया किन्नर ने बताया कि उनकी शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से समुदाय के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
सकरी में किन्नर की हत्या के बाद बढ़ी चिंता
रजिया गुट के सदस्यों ने पिछले महीने सकरी क्षेत्र में हुई एक किन्नर की हत्या की घटना का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि इस घटना के बाद समुदाय के लोगों में पहले से ही भय का माहौल है। ऐसे में दो गुटों के बीच लगातार विवाद और धमकियों की घटनाओं से उनकी चिंता और बढ़ गई है।
किन्नरों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोनों गुटों के बीच चल रहे विवाद की गंभीरता से जांच की जाए। यदि किसी पक्ष द्वारा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, मारपीट करने या धमकी देने की कोशिश की जा रही है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
