
फरसे से वार कर बैल को किया गंभीर घायल, गौ सेवकों ने पहुंचकर कराया उपचार; अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक बैल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रात में बिलासपुर गौ सेवा धाम की टीम मौके पर पहुंची और घायल बैल को उपचार के लिए आवश्यक सेवा उपलब्ध कराई।
बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने बैल पर फरसे से वार किया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर बिलासपुर गौ सेवा धाम के सकरी क्षेत्र प्रभारी संजय गोदनी, शुभम मिश्रा तथा छतौना टीम के पहलाद सहित अन्य गौ सेवक रात में सेवा के लिए पहुंचे। टीम ने घायल बैल की स्थिति का जायजा लेकर उपचार और देखरेख की व्यवस्था की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गौ सेवा धाम के प्रभारी संजय गोदनी ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(i) के तहत अपराध दर्ज किया है। एफआईआर के अनुसार घटना 13 सितंबर की रात करीब 11 बजे की बताई गई है। पुलिस अब बैल पर हमला करने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।
