विजयादशमी पर बिलासपुर पुलिस ने किया शस्त्र पूजन, सुरक्षा और शांति की कामना
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रक्षित आरक्षी केंद्र में संपन्न हुआ समारोह, एसएसपी रजनेश सिंह ने किया हवाई फायर
बिलासपुर, 20 अक्टूबर। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को रक्षित आरक्षी केंद्र बिलासपुर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने धर्मपत्नी के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और शांति की कामना की। परंपरा के अनुसार पुलिस लाइन के साथ जिले के सभी थानों में भी शस्त्र पूजन किया गया।
रक्षित आरक्षी केंद्र में आयोजित समारोह के दौरान शस्त्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों का पूजन किया। इस दौरान रजनेश सिंह ने कुम्हड़े (रखिया) की प्रतीकात्मक बलि अर्पित की। देवी-देवताओं के जयकारों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस का जयघोष किया गया, जिससे पुलिसकर्मियों में उत्साह और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया।
शस्त्र पूजन की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने इंसास राइफल से हवाई फायर किया। इसके बाद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परंपरानुसार हवाई फायर किया। अधिकारियों ने पुलिस वाहनों का भी विधिवत पूजन किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह ने जिलेवासियों और पुलिस परिवार को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने त्योहार के संदेश के अनुरूप जिले में शांति, सौहार्द, भाईचारे और एकता बनाए रखने तथा सुरक्षित बिलासपुर के लिए प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, उप पुलिस अधीक्षक लाइन मंजुलता केरकेट्टा, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर यादव, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सिंह परिहार, उप पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू अनीता प्रभा मिंज, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुदीप सरकार, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न थानों के प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

