
तमाचे से तकरार तक… मल्हार नगर पंचायत की बैठक में बवाल, विकास पर भारी पड़ा वर्चस्व का विवाद
बिलासपुर। जिले की मल्हार नगर पंचायत में चल रहा अंदरूनी सत्ता संघर्ष अब खुलकर सामने आ गया है। मल्हार महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक उस समय विवाद में बदल गई जब नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट ने उपाध्यक्ष सुशील चौबे को सार्वजनिक रूप से तमाचा जड़ दिया। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस घटना से बैठक का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और अंततः बैठक स्थगित करनी पड़ी। घटना के बाद नगर पंचायत की कार्यशैली, नेतृत्व और आपसी खींचतान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार मल्हार रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट, उपाध्यक्ष सुशील चौबे, पार्षदगण और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। महोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा के दौरान किसी मुद्दे पर बहस तेज हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष को शांत होकर अपनी बात रखने की सलाह दी, जिससे नाराज होकर अध्यक्ष ने आपा खो दिया और बैठक के बीच ही उपाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद पार्षदों से भी तीखी बहस और गाली-गलौज की स्थिति बन गई। माहौल बिगड़ता देख अधिकारियों को बैठक स्थगित करनी पड़ी।
घटना के बाद उपाध्यक्ष और कुछ पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल से मिलकर शिकायत की है। चूंकि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही भाजपा से जुड़े हुए हैं, इसलिए पार्टी स्तर पर मामले को आपसी समझाइश से सुलझाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इस विवाद ने नगर पंचायत में चल रहे वर्चस्व की लड़ाई को सार्वजनिक कर दिया है।
बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है जब अध्यक्ष का विवाद सामने आया हो। इससे पहले भी वे नगर पंचायत सीएमओ कार्यालय में घुसकर अभद्रता करने के मामले में सुर्खियों में आ चुकी हैं, जिसकी शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। लगातार हो रहे विवादों से नगर पंचायत का प्रशासनिक माहौल प्रभावित हो रहा है और विकास कार्यों पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि नगर पंचायत में जनहित से ज्यादा व्यक्तिगत वर्चस्व और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की राजनीति चल रही है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ सकता है। यदि समय रहते स्थिति नहीं संभाली गई तो मल्हार नगर पंचायत में विकास योजनाएं प्रभावित होने की आशंका है।
बॉक्स
विवादों से घिरी मल्हार नगर पंचायत, पहले भी हो चुके हैं हंगामे
मल्हार नगर पंचायत में विवाद कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी अध्यक्ष और पार्षदों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप सामने आ चुके हैं। नगर पंचायत सीएमओ के साथ अभद्रता का मामला भी चर्चा में रहा था, जिसमें शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने प्रकरण कायम किया था। लगातार सामने आ रहे विवादों के कारण नगर पंचायत का कामकाज प्रभावित होने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों की जगह आपसी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई ज्यादा दिखाई दे रही है, जिससे नगर की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
मल्हार नगर पंचायत की बैठक में हुई घटना की शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
— मोहित जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष बिलासपुर
बैठक के दौरान अध्यक्ष द्वारा की गई हरकत की शिकायत पार्टी फोरम में कर दी गई है। जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
— सुशील चौबे, उपाध्यक्ष नगर पंचायत मल्हार
