
प्रखर पत्रकार महासंघ की बैठक में पर्यावरण अभियान का ऐलान
संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं
बिलासपुर। प्रखर पत्रकार महासंघ की जिला स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पूरे जिले में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से महिला सदस्यों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक में बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया कि महासंघ आगामी दिनों में ‘पर्यावरण माह’ के रूप में विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत प्रत्येक रविवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पौधरोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ संगठन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
बैठक में संगठन की कार्यकारिणी को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी। महिला सहभागिता को बढ़ावा देते हुए गीता सोनचे को जिला सचिव तथा रेशमा लहरे को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता विस्तार और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाजहित के कार्यों में भी निरंतर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
जिला स्तरीय बैठक में प्रखर पत्रकार महासंघ के जिला अध्यक्ष कमल दुसेजा, जिला सचिव उमाशंकर शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष पवन वर्मा, नवनियुक्त पदाधिकारी गीता सोनचे और रेशमा लहरे सहित सूरज वाधवानी, शेख आलम, चंद्रशेखर श्रीवास, बाली सरदार तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर सभी ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
हर रविवार चलेगा पौधरोपण अभियान
प्रखर पत्रकार महासंघ ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पूरे पर्यावरण माह के दौरान प्रत्येक रविवार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और हरियाली बढ़ाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाना है।
