
गतौरा शराब भट्ठी लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; कर्ज चुकाने के लिए बनाई थी डकैती की योजना
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ACCU बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे अपराध का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। बिलासा गुड़ी के मीटिंग हॉल में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस अधिकारियों ने मामले की पूरी जानकारी साझा करते हुए वारदात की साजिश, आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामद किए गए सामान के संबंध में जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गत 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे गतौरा शराब दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज के पास अचानक करीब चार नकाबपोश युवक पहुंचे। सभी आरोपी काले कपड़े पहने हुए थे। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर शराब दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए।
आरोपियों ने शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर मशीन तथा छेनी की मदद से लॉकर काटने का प्रयास किया। हालांकि, काफी कोशिश के बावजूद लॉकर नहीं टूट सका। नकदी रकम हाथ नहीं लगने पर आरोपियों ने दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन तथा CCTV कैमरा और DVR अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी आरोपी दोपहिया वाहनों से मौके से फरार हो गए।
पहले मोपका शराब दुकान को बनाया था निशाना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने मोपका स्थित शराब दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की थी। चारों आरोपी देवरीखुर्द से एक नीले रंग की स्कूटी और मोटरसाइकिल से निकले थे। वे बूटा पारा-फरहदा मार्ग से मोपका शराब भट्ठी पहुंचे, लेकिन वहां आसपास अधिक चहल-पहल होने के कारण योजना को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद वे चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा शराब दुकान पहुंचे और वहां वारदात को अंजाम दिया।
कर्ज में डूबे आरोपियों ने बनाई थी लूट की योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज के बोझ से परेशान थे। कर्ज चुकाने और रकम हासिल करने के उद्देश्य से उन्होंने शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई। इसके लिए पहले से गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू सहित अन्य सामान की व्यवस्था की गई थी।
CCTV का DVR नदी में फेंका
वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए CCTV कैमरे का DVR भी अपने साथ ले लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि CCTV फुटेज से उनकी पहचान न हो सके, इसलिए उन्होंने DVR को नदी में फेंक दिया। इसके बावजूद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
पुलिस ने मामले में अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद और सुशील निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू तथा अन्य औजार बरामद किए गए हैं।
एक आरोपी अभी फरार
मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में काम करता था और शासकीय मदिरा दुकानों से नगद राशि कलेक्शन का कार्य करता था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
